:: श्रद्धांजलि : मुख्यमंत्री ने संविधान शिल्पी की जयंती पर किया पुण्य स्मरण, बताया जनकल्याण की प्रेरणा :: इंदौर (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारतीय संविधान के शिल्पकार और सामाजिक न्याय के पुरोधा, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बाबा साहब के योगदान का पुण्य स्मरण करते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण का मार्गदर्शक बताया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा और समानता के माध्यम से महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को नई गति प्रदान की। उन्होंने समता, न्याय और अधिकारों पर आधारित जिस सशक्त भारत की नींव रखी, वह आज भी देश के विकास का मार्ग प्रशस्त कर रही है। डॉ. यादव ने कहा कि वंचितों, शोषितों और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए बाबा साहब द्वारा किया गया संघर्ष और उनके विचार हम सभी के लिए जनकल्याण की आदर्श प्रेरणा का शाश्वत स्रोत हैं। मुख्यमंत्री ने उनके दिखाए मार्ग पर चलकर समाज के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। प्रकाश/14 अप्रैल 2026