राज्य
14-Apr-2026
...


* सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने की त्वरित कार्यवाही कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना/चौकी द्वारा लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। जानकारी के अनुसार 11 अप्रैल की रात्रि लगभग 09:00 से 10:00 बजे के मध्य थाना सिविल लाइन रामपुर क्षेत्र अंतर्गत निहारिका क्षेत्र स्थित अंग्रेजी मादक द्रव्य पदार्थ बिक्री केंद्र के सामने कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद को लेकर मारपीट की घटना घटित हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से क्षेत्र में भय एवं असंतोष का माहौल निर्मित हो गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंच हस्तक्षेप कर कथित आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान उनके द्वारा पुलिस एवं गवाहों के साथ अभद्र व्यवहार किये जाने की जानकारी दी जा रही हैं। उक्त कृत्य के संबंध में कथित आरोपियों के विरुद्ध धारा 170, 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत कार्यवाही की गई है एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु न्यायालय में इस्तगासा प्रस्तुत किया गया है। कोरबा पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी प्रकार के विवाद से दूर रहें, कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें एवं किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचित करें। 14 अप्रैल / मित्तल