:: मध्य प्रदेश में शाखाओं की संख्या बढ़कर हुई 57; पहली बार घर खरीदने वालों पर विशेष फोकस :: इंदौर (ईएमएस)। किफायती आवास ऋण (अफोर्डेबल हाउसिंग फाइनेंस) क्षेत्र की प्रमुख कंपनी आधार हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड ने इंदौर में अपनी नई शाखा का शुभारंभ किया है। इस नई शाखा के माध्यम से कंपनी शहर और आसपास के क्षेत्रों में निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के ग्राहकों को घर खरीदने के लिए वित्तीय सुविधाएं प्रदान करेगी। इस विस्तार के साथ मध्य प्रदेश में कंपनी की कुल शाखाओं की संख्या 57 हो गई है, जबकि देशभर में यह नेटवर्क 620 शाखाओं तक पहुँच चुका है। उद्घाटन अवसर पर कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ ऋषि आनंद ने कहा कि इंदौर तेजी से मध्य प्रदेश के एक प्रमुख आवासीय केंद्र के रूप में उभर रहा है। सरकारी नीतियों और बढ़ते शहरीकरण के कारण यहाँ घर की मांग निरंतर बनी हुई है। हमारा लक्ष्य उन लोगों तक ऋण की पहुँच आसान बनाना है, जो पहली बार घर खरीद रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा बजट 2026-27 में शहरी विकास के लिए 21,562 करोड़ रुपये का आवंटन और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से हाउसिंग सेक्टर को नई ऊर्जा मिली है। :: स्वरोजगारियों और छोटे व्यापारियों को प्राथमिकता :: कंपनी के सीओओ अनिल नायर ने बताया कि इंदौर में स्वरोजगार करने वाले और छोटे व्यवसायियों के बीच होम लोन की मांग अधिक है। ये ग्राहक सरल और स्पष्ट ऋण प्रक्रिया चाहते हैं। इस शाखा के जरिए हम ग्राहकों के अधिक करीब रहकर उन्हें सुलभ और सुविधाजनक फाइनेंस उपलब्ध कराएंगे। गौरतलब है कि राज्य सरकार अगले पाँच वर्षों में इंदौर को झुग्गी-मुक्त (स्लम-फ्री) बनाने का लक्ष्य लेकर चल रही है, जिसमें यह वित्तीय संस्थान एक महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभाएगा। समारोह में आधार हाउसिंग फाइनेंस के चीफ बिजनेस लीडर संदीप जैन, सर्कल हेड सचिन माहेश्वरी सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रकाश/14 अप्रैल 2026