राज्य
14-Apr-2026


कल्याण, (ईएमएस)। मुंबई से सटे कल्याण शहर में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां तलाक के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गुस्से में आए ससुराल पक्ष के लोगों ने बहू और उसके भाई पर पुलिस थाने के बाहर ही जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना कल्याण के वालधुनी क्षेत्र में हुई, जहां अशोक नगर में रहने वाली रुक्सार पर उसके पति तन्वीर खान, ससुर, देवर और ननद ने मिलकर हमला करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि तलाक को लेकर दोनों परिवारों के बीच बातचीत के लिए बैठक बुलाई गई थी। लेकिन यह बातचीत विवाद में बदल गई और रुक्सार के साथ मारपीट और गाली-गलौज की गई। इसके बाद रुक्सार अपने भाई असलम के साथ शिकायत दर्ज कराने के लिए महात्मा फुले पुलिस स्टेशन पहुंची। हालांकि, पुलिस स्टेशन के बाहर ही आरोपियों ने दोनों पर चाकू और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल रुक्सार और असलम किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिस स्टेशन के अंदर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, आरोपी उनका पीछा करते हुए पुलिस स्टेशन परिसर तक आ गए थे। घायल दोनों को इलाज के लिए मीरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति तन्वीर खान को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि वह एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले भी तड़ीपार (निर्वासन) की कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, ससुर और देवर फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। संतोष झा-१४ अप्रैल/२०२६/ईएमएस