राष्ट्रीय
14-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। तीन दिनों से दिल्ली में डेरा डाले कर्नाटक के कांग्रेस विधायक बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर दर्शन करने जाएंगे। जानकारी के अनुसार करीब एक दर्जन विधायक दिल्ली से अयोध्या के लिए रवाना होंगे, दर्शन के बाद दिल्ली वापस आएंगे। इनमें टीबी जयचंद्र, अशोक पट्टन समेत करीब 12 कांग्रेस विधायक शामिल हैं। कर्नाटक सरकार में मंत्रीमंडल विस्तार की मांग को लेकर दिल्ली आए इन विधायकों ने कल शाम कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। अयोध्या दौरे को ये विधायक आस्था से जोड़कर पेश कर रहे हैं लेकिन क्या इसके पीछे कांग्रेस आलाकमान के लिए कोई सियासी संदेश भी है? इस लिस्ट में कुछ विधायकों के निजी सहयोगी भी शामिल हैं। यानी कर्नाटक से कांग्रेस के ग्यारह विधायक अयोध्या जा रहे हैं। इस बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और विधायक बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि कांग्रेस और मुख्यमंत्री सिद्धारमैया चाहे कितना भी ढोल पीट लें, वे उन दोनों सीटों पर जीत हासिल नहीं कर पाएंगे, जहां हाल ही में राज्य में उपचुनाव हुए थे। विजयेंद्र ने कहा कि भाजपा दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट, दोनों ही सीटों पर निश्चित रूप से जीत हासिल करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग अब कांग्रेस सरकार से तंग आ चुके हैं, क्योंकि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और विकास कार्यों की भारी कमी है। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राज्य सरकार अल्पसंख्यकों को खुश करने की राजनीति कर रही है, जबकि हिंदुओं का अपमान किया जा रहा है। इन्हीं सब कारणों से जनता भाजपा को अपना आशीर्वाद देगी। सुबोध/१४ -०४-२०२६