राज्य
14-Apr-2026


* अगले 5 दिन रहेगा शुष्क मौसम, 19–20 अप्रैल को कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम के मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना जताई है। इसके चलते तापमान में बढ़ोतरी और गर्मी-उमस का असर और तेज महसूस किया जा सकता है। हालांकि, यह स्थिर मौसम ज्यादा दिन टिकने वाला नहीं है। विभाग के अनुसार, इसके बाद राज्य में एक बार फिर बेमौसम बारिश का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 19 और 20 अप्रैल के दौरान गुजरात के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विशेष रूप से अमरेली, भावनगर, साबरकांठा, अरवल्ली, दाहोद और महिसागर जिलों में बारिश की संभावना अधिक जताई गई है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका व्यक्त की गई है। बेमौसम बारिश से खेतों में खड़ी और कटाई के लिए तैयार फसलों को नुकसान पहुंचने का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए किसानों को सलाह दी गई है कि वे मौसम अपडेट पर नजर रखें और अपनी फसलों को सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएं। इस दौरान समुद्री स्थिति भी अस्थिर रहने की संभावना है। ऐसे में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि तेज हवाएं और खराब मौसम जोखिम पैदा कर सकते हैं। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि इस वर्ष राज्य में कुल वर्षा सामान्य से कम रह सकती है। इससे आने वाले समय में जल संकट और कृषि पर असर पड़ने की संभावना जताई गई है। सतीश/14 अप्रैल