राज्य
14-Apr-2026
...


:: राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा दिवस पर फायर स्टेशन मोती तबेला में कार्यक्रम; 20 अप्रैल तक मनेगा सुरक्षा सप्ताह :: इन्दौर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देशानुसार राष्ट्रीय अग्नि सुरक्षा दिवस के अवसर पर मंगलवार को मोती तबेला स्थित फायर स्टेशन पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रमुख अधीक्षक आशीष कुमार पाठक के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में फायर विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों ने सक्रिय रूप से सहभागिता की। कार्यक्रम का प्रारंभ उन वीर फायरकर्मियों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि देने से हुआ, जिन्होंने कर्तव्य की वेदी पर अपने प्राण न्यौछावर किए। इसके पश्चात अधिकारियों ने मौजूद स्टाफ और नागरिकों को अग्नि सुरक्षा की बारीकियों से अवगत कराया। कार्यक्रम में संभावित आग की घटनाओं को रोकने के उपायों और आपात स्थिति में त्वरित बचाव की तकनीकों पर विस्तृत जानकारी दी गई। :: शहर के प्रमुख मार्गों से निकली रैली :: नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से मोती तबेला फायर स्टेशन से एक भव्य अग्नि सुरक्षा रैली निकाली गई। यह रैली राजवाड़ा, पलासिया और सपना संगीता जैसे व्यस्त क्षेत्रों से होते हुए पुनः स्टेशन पर समाप्त हुई। रैली के माध्यम से लोगों को आग से बचाव के प्रति सतर्क रहने और संकट के समय त्वरित प्रतिक्रिया देने का संदेश दिया गया। :: सप्ताह भर चलेंगे जागरूकता अभियान :: प्रमुख अधीक्षक श्री पाठक ने बताया कि 14 से 20 अप्रैल 2026 तक अग्नि सुरक्षा सप्ताह मनाया जाएगा। इस सात दिवसीय अभियान के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण सत्र और सुरक्षा संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन होगा। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें और किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित करें। प्रकाश/14 अप्रैल 2026