14-Apr-2026


:: शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद; ईंटों से सिर कुचलकर की थी हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार :: इंदौर (ईएमएस)। राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अहीरखेड़ी मल्टी के पास खाली मैदान में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। जादू-टोने के अंधविश्वास में एक दोस्त ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस को दो दिन पूर्व अहीरखेड़ी मल्टी के सामने मैदान में एक अज्ञात युवक का लहूलुहान शव मिला था। युवक का सिर पत्थर और ईंटों से कुचल दिया गया था। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल के पास पुलिस को दो खराब मोबाइल मिले, जिनका तकनीकी विश्लेषण करने पर मृतक की पहचान सागर निवासी गोलू उर्फ कृष्ण कुमार अहिरवार (28) के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी विकास कोसे ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसे किसी ने कहा था कि गोलू ने उस पर जादू-टोना कर दिया है। घटना के दिन सभी ने साथ बैठकर शराब पी। नशे में विकास ने फिर से टोने-टोटके की बात छेड़ी, जिसे गोलू ने नकार दिया। इसी बात से आक्रोशित होकर विकास, कृष्णा भिड़े और भूरिया ने मिलकर गोलू पर ईंटों से हमला कर दिया और उसका सिर कुचलकर फरार हो गए। पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा के आधार पर आरोपियों को दबोचा। इस सफलता में कार्यवाहक थाना प्रभारी विकास शर्मा, उपनिरीक्षक प्रदीप यादव और राउ थाने की टीम सहित टेक्निकल सेल के आरक्षकों की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों का रिमांड लेकर विस्तृत पूछताछ कर रही है। प्रकाश/14 अप्रैल 2026