मनोरंजन
15-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। साउथ के सुपर स्टार अल्लू अर्जुन के 44वें जन्मदिन के खास मौके पर मेकर्स ने अपकमिंग फिल्म का नाम राका घोषित किया और साथ ही इसका पहला पोस्टर भी जारी किया। एटली के निर्देशन में बनने वाली बहुचर्चित फिल्म को पहले एए22एक्सए6 के नाम से जाना जा रहा था। लेकिन अब अपने आधिकारिक टाइटल राका के साथ सामने आ चुकी है। यह फिल्म अपने विशाल बजट, स्टार-स्टडेड कास्ट और अल्लू अर्जुन के अनोखे लुक के कारण पहले से ही सुर्खियों में है। पोस्टर में अल्लू अर्जुन का अवतार बेहद अलग और इंटेंस नजर आता है। उनके चेहरे का एक हिस्सा रहस्यमयी तरीके से भेड़िये जैसे फर और पंजों से ढका हुआ दिखाया गया है। काजल से सजी उनकी आंखें किरदार को और भी रहस्यमयी और आक्रामक बना रही हैं। वहीं, उनका आधा गंजा और रफ-टफ लुक इस बात का संकेत देता है कि फिल्म में उनका किरदार काफी ग्रिट्टी और पावरफुल होने वाला है। इस लुक के सामने आते ही फैंस में उत्साह और बढ़ गया है, और फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। राका में पहली बार अल्लू अर्जुन और दीपिका पादुकोण एक साथ स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे, जो इसे हाल के समय की सबसे बड़ी और हाई-प्रोफाइल जोड़ियों में से एक बनाती है। इनके अलावा, फिल्म में कई और बड़े कलाकार भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे, जिनकी घोषणा अभी बाकी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मृणाल ठाकुर फिल्म में एक कैमियो रोल में नजर आ सकती हैं, और टाइगर श्रॉफ के भी एक खास अपीयरेंस की चर्चा है, हालांकि मेकर्स की तरफ से इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिल्म की फीस और किरदारों को लेकर बड़े खुलासे हुए हैं। रिपोर्ट्स की मानें तो अल्लू अर्जुन ने इस प्रोजेक्ट के लिए लगभग 175 करोड़ रुपये फीस ली है, और वह फिल्म में तीन अलग-अलग किरदार निभाते दिखेंगे—एक पुलिस अधिकारी, एक हाफ-ह्यूमन हाफ-मॉन्स्टर और एक पिता का किरदार, जो कहानी में गहराई जोड़ेंगे। दूसरी ओर, दीपिका पादुकोण को इस फिल्म के लिए करीब 25 करोड़ रुपये मिलने की चर्चा है। फिल्म राका अपने विशाल बजट को लेकर भी सुर्खियों में है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसका कुल बजट लगभग 800 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इस बजट का एक बड़ा हिस्सा विजुअल इफेक्ट्स और हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंसेज पर खर्च किया जा रहा है। सुदामा/ईएमएस 15 अप्रैल 2026