बेंगलुरु (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज कृष्णमाचारी श्रीकांत ने राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग के तरीके की आलोचना की है। श्रीकांत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ टीम को मिली हार के लिए रियान की रणनीति को जिम्मेदार बताया है। इस मैच में रॉयल्स के बल्लेबाज और गेंदबाज विफल रहे थे। मैच में रियान के फैसलों के साथ ही उनकी कमजोर बल्लेबाजी पर भी श्रीकांत ने सवाल उठाये हैं। उनका कहना है कि बड़े लक्ष्य का पीछा करते समय कप्तान के लिए रन बनाना और भी जरुरी होता है तभी अन्य खिलाड़ी भी प्रेरित होते हैं। पराग इस सत्र में अबत एक बार भी बड़ी पारी नहीं खेल पाये हैं और उनका अधिकतक स्कोर 20 रन ही रहा है। श्रीकांत ने पराग पर जमकर निशाना साधा और कहा कि उन्हें टीम में बातें करने के लिए नहीं रखा गया है। हमेशा की तरह उन्होंने इस मैच में भी रन नहीं बनाये पर बाद में बड़ी-बड़ी बातें की। उसने रविन्द्र जडेजा जैसे । अनुभवी स्पिनर को भी ओवर नहीं दिया ओर तर्क दिया कि उनके सामने बाएं हाथ का बल्लेबाज था। मुझे समझ नहीं आता कि बाएं हाथ के बल्लेबाज को बाएं हाथ का कोई गेंदबाज क्यों गेंदबाजी नहीं कर सकता है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि टीम के गेंदबाजों का उपयोग ठीक से नहीं हुआ। तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई ने काफी रन दे दिये। ये तीनों ही प्रधावित नहीं कर पाये। ऐसे में अब अगले मैच के लिए टीम को गेंदबाजी संयोजन पर भी दोबारा विचार करना होगा। गिरजा/ईएमएस 15 अप्रैल 2026