राज्य
15-Apr-2026
...


* अंचल में मनमानी पार्किंग से लग रहा रोजाना जाम * वाहनों को क्रेन से उठाकर किया गया जप्त कोरबा(ईएमएस) कोरबा अंचल अंतर्गत यातायात पुलिस विभाग ने बेहाल यातायात व्यवस्था सुधारने सख्त कार्यवाही करते हुए एक बार पुनः अनेक वाहनों को क्रेन से उठाकर जब्त कर लिया। मुख्य मार्ग पर अवैध पार्किंग के कारण रोजाना जाम की स्थिति निर्मित हो रही हैं, जिसे सुचारु रूप से चलाने हेतु सख्त कार्यवाही की जा रही हैं। अंचल में संचालित पाम मॉल और विशाल मेगा मार्ट के सामने यातायात पुलिस विभाग ने अभियान चलाते हुए सख्त कार्यवाही की। पावर हाउस रोड और स्टेडियम रोड पर स्थित इन व्यावसायिक प्रतिष्ठान के ठीक सामने मनमाने तरीके से गाडियों की पार्किंग कर देने से स्थिति बिगड़ रही हैं। बड़े लंबे हिस्से में जाम लग जाने से लोग परेशान हुए। जिस पर पुलिस ने संज्ञान लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, नीतीश ठाकुर, नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में यातायात विभाग के निरीक्षक तेज यादव, एसआई आर.एन. रात्रे, ईश्वरी लहरे, मनोज राठौर, सीएसईबी चौकी प्रभारी भीमसेन यादव, संतोष सिंह ने अनेक वाहनों को क्रेन से उठवा लिया। इन पर मोटर विकल एक्ट के तहत कार्यवाही की गई। बताया जा रहा हैं कि नगर में आवागमन को व्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक कोशिश की जा रही है। आगे भी व्यवस्था निर्धारण के लिए मुख्य मार्गों पर ऐसी सख्त कार्यवाही की जाएगी। पुलिस ने वाहन चालकों को सचेत किया कि वे गैर जरूरी काम बिल्कुल ना करें, आगे भी सख्त कार्यवाही जारी रहेगी। 15 अप्रैल / मित्तल