मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) इलाके में बुधवार दिनांक 15 अप्रैल की सुबह मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान मेट्रो के खंभे पर बीम फिट करते समय अचानक क्रेन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे क्रेन के साथ भारी बीम नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कुछ मजदूरों के हल्के रूप से घायल होने की खबर है। यह हादसा मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के निर्माण कार्य के दौरान हुआ। जानकारी के मुताबिक, बीम उठाने की प्रक्रिया के दौरान तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कामगारों में डर का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण और एमएमआरसी की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गईं। गिरी हुई क्रेन और बीम को हटाने के लिए भारी मशीनों की मदद ली गई। इस हादसे के पीछे असली कारण क्या है- तकनीकी खराबी या सुरक्षा नियमों की अनदेखी, इसकी जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के कारण कुर्ला और वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे की ओर जाने वाली ट्रैफिक पर बड़ा असर पड़ा है। आईसीआईसीआई बैंक बस स्टॉप सिग्नल के पास वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। - वैकल्पिक मार्ग: कुर्ला की ओर जाने वाले वाहनों को डायमंड मार्केट गेट नंबर 8 के रास्ते डायवर्ट किया गया है। वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे/भारत नगर की ओर जाने के लिए डायमंड मार्केट सिग्नल से बाएं मुड़ने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे इस मार्ग से बचें और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करें। संजय/संतोष झा-१५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस