रायपुर(ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप को देखते हुए स्कूली बच्चों को राहत दिलाने की मांग तेज हो गई है। पूर्व संसदीय सचिव एवं छाया सांसद विकास उपाध्याय ने प्रदेश के सभी शासकीय और निजी स्कूलों को तत्काल प्रभाव से बंद करने की मांग की है। इस संबंध में विकास उपाध्याय ने शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव और रायपुर कलेक्टर को पत्र लिखकर स्थिति की गंभीरता से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है और कई स्थानों पर भीषण गर्मी के साथ लू का असर देखा जा रहा है। उपाध्याय ने पत्र में उल्लेख किया कि ऐसी स्थिति में स्कूली बच्चों को घर से स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही, अत्यधिक गर्मी उनके स्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव डाल सकती है। उन्होंने मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गर्मी के इस दौर में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद किया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और किसी भी तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्या से बचाया जा सके। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 अप्रैल 2026