क्षेत्रीय
15-Apr-2026


कांकेर(ईएमएस)। जिले के ग्राम पंचायत जाडेकुर्से के आश्रित ग्राम डंडाईखेडा में जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत सवालों के घेरे में है। यहां दो साल पहले बनी पानी टंकी आज तक चालू नहीं हो सकी है, जिससे “हर घर नल से जल” का दावा केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि टंकी का निर्माण करीब दो वर्ष पहले पूरा हो चुका है। बोरवेल सफल है और ट्रांसफॉर्मर भी लगाया जा चुका है, यानी तकनीकी रूप से पानी सप्लाई शुरू करने में कोई बड़ी बाधा नहीं है। इसके बावजूद अब तक घर-घर पाइपलाइन के जरिए पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, सभी व्यवस्थाएं होने के बाद भी पाइपलाइन अधूरी होने के कारण पूरा सिस्टम ठप पड़ा है। वहीं धनी दुग्गा ने बताया कि कई जगहों पर पाइपलाइन कनेक्शन अधूरे हैं, जिससे पानी सप्लाई शुरू नहीं हो पा रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पानी सप्लाई शुरू न होने के बावजूद हर महीने करीब 3 हजार रुपए का बिजली बिल पानी टंकी के नाम पर आ रहा है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि जब पानी की आपूर्ति हो ही नहीं रही, तो यह बिल किस आधार पर जारी किया जा रहा है और इसका भुगतान कौन कर रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पाइपलाइन कार्य पूरा कर पानी सप्लाई शुरू की जाए और बिजली बिल के मामले की भी जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाए। ईएमएस(राकेश गुप्ता)15 अप्रैल 2026