गुना (ईएमएस)। जिले रुठियाई क्षेत्र के देहरी गांव स्थित मंदिर के पुजारी के साथ मारपीट के मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है। जहां एक ओर इस घटना को लेकर संत समाज में आक्रोश बना हुआ है, वहीं अब गुर्जर समाज भी सामने आ गया है। बुधवार को बड़ी संख्या में समाजबंधु पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में समाज के लोगों ने कहा कि संतों का सम्मान करना उनकी परंपरा का हिस्सा है और इस तरह की घटना में समाज के किसी व्यक्ति की संलिप्तता स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में उनके समाज के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति भैयालाल गुर्जर को साजिश के तहत आरोपी बनाया गया है, जबकि घटना के समय वह गांव में मौजूद ही नहीं थे। उनके अनुसार, घटना के वक्त वह गोपी कृष्ण सागर बांध के पास तिनस्याई गांव में थे, जिसके कई ग्रामीण गवाह भी मौजूद हैं। समाजबंधुओं ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कराई जाए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्दोष व्यक्ति को आरोपों से मुक्त कर न्याय दिलाया जाए। उन्होंने दर्ज एफआईआर पर भी सवाल उठाते हुए उसे वापस लेने की मांग की है। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले मंदिर के बुजुर्ग पुजारी कमल दास के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसमें जमीन विवाद को लेकर हमला किए जाने की बात कही गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस भी दर्ज किया था। अब इस पूरे घटनाक्रम में नया पक्ष सामने आने के बाद मामला और भी संवेदनशील हो गया है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच की जाएगी और सच्चाई के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - सीताराम नाटानी