क्षेत्रीय
15-Apr-2026


मुंबई, (ईएमएस)। पांजरापोल जलशुद्धीकरण केंद्र की बिजली आपूर्ति मंगलवार दिनांक 14 अप्रैल की शाम को अचानक बाधित हो जाने से मुंबई शहर के कई हिस्सों में पानी सप्लाई पर असर पड़ा। यह घटना मंगलवार शाम करीब 5.45 बजे हुई, जिसके कारण जलशुद्धीकरण और पंपिंग प्रक्रिया कुछ समय के लिए पूरी तरह ठप हो गई। मुंबई महानगरपालिका के अनुसार, बिजली आपूर्ति देर रात करीब 12.45 बजे तक बहाल हो पाई। मगर इसके बाद भी जलशुद्धीकरण प्रक्रिया और पाइपलाइनों में सामान्य दबाव बहाल होने में लगभग दो घंटे का समय लगा। इस तकनीकी खराबी के चलते मुंबई शहर और पूर्वी उपनगरों में पानी की आपूर्ति में करीब 20 से 25 प्रतिशत तक कटौती की गई है। साथ ही कई इलाकों में कम दबाव से पानी मिलने की संभावना जताई गई है। घाटकोपर, भांडुप, विक्रोली, मुलुंड और मध्य मुंबई के कुछ हिस्सों में इसका ज्यादा असर देखने को मिला। वहीं, दक्षिण मुंबई में भी अन्य तकनीकी कारणों से कुछ इलाकों में पानी की आपूर्ति देरी से या कम दबाव में होने की जानकारी दी गई है। मनपा ने बताया कि पांजरापोल और पिसे जलशुद्धीकरण परियोजनाओं को बिजली आपूर्ति करने वाले उपकेंद्रों में ट्रिपिंग के कारण यह समस्या उत्पन्न हुई। इसके चलते मुंबई-1 और मुंबई-2 चरणों के तहत होने वाली जलापूर्ति अस्थायी रूप से बंद हो गई थी। मनपा प्रशासन का कहना है कि बिजली आपूर्ति सामान्य होने के बाद चरणबद्ध तरीके से पानी सप्लाई बहाल की गई और सुबह के बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो गई। स्वेता/संतोष झा-१५ अप्रैल/२०२६/ईएमएस