नई दिल्ली (ईएमएस)। फर्श बाजार थानाक्षेत्र की पांडव रोड पर लिफ्ट देने से मना करने पर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपितों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर करीब दो बजे भोलानाथ नगर निवासी वंदित जैन अपने पिता की फैक्ट्री से स्कूटी पर घर लौट रहे थे। जब वह पांडव रोड से गुजर रहे थे, तभी रास्ते में दो युवकों ने उसे रोककर लिफ्ट मांगी। दोनों नशे की हालत में थे तो वंदित ने लिफ्ट देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों ने वंदित के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक ने सब्जी की ठेली पर रखा चाकू उठाकर वंदित की छाती पर वार कर दिया। चाकू थोड़ा नीचे होता तो वंदित के दिल के आर-पार हो जाता। डीसीपी शाहदरा आरपी मीणा ने बताया कि एसएचओ फर्श विहार अजय करन शर्मा के नेतृत्व में टीम ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/15/ अप्रैल /2026