राष्ट्रीय
15-Apr-2026


-सिपाही ने वीडियो भी बनाया, शिकायत पर पुलिस ने सिपाही को किया गिरफ्तार कानपुर,(ईएमएस)। यूपी के कानपुर में एक सिपाही ने ट्रेन में छात्रा से दोस्ती कर उसे नौकरी और शादी का झांसा दिया। भरोसा जीतने के बाद उसे मिलने बुलाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी भी दी। मामले की शिकायत मिली तो पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सिपाही योगेंद्र सिंह मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है और कानपुर पुलिस लाइन में तैनात था। जानकारी के मुताबिक 19 जनवरी को ट्रेन यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात छात्रा से हुई, जो परीक्षा देने जा रही थी। इसी दौरान उसने छात्रा से दोस्ती की और खुद को कानपुर में तैनात बताते हुए मदद का भरोसा दिलाया। योगेंद्र ने छात्रा से कहा कि मैं कानपुर में पोस्टेड हूं, अलीगढ़ का रहने वाला हूं। कानपुर में कोई परेशानी हो तो बताइए। आप परीक्षा दीजिए, उसके बाद मुझसे संपर्क करिएगा, मैं कहीं न कहीं जॉब लगवा दूंगा। आप पढ़ाई भी करिए और जॉब भी करते रहिए। छात्रा को उसकी बातों पर विश्वास हो गया और उसका मोबाइल नंबर ले लिया। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक छात्रा काकादेव क्षेत्र में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। फोन नंबर लेने के बाद सिपाही ने लड़की को कई बार फोन किया। उसको 22 फरवरी को पुलिस लाइन के पास मिलने कानपुर बुलाया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान छात्रा ने जब पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने कहा कि वह उससे शादी कर लेगा। इसके बाद उसने लड़की की मां से शादी की बात भी की। छात्रा का आरोप है कि सिपाही ने कई बार दुष्कर्म किया, फिर शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित छात्रा ने सोमवार को कानपुर पुलिस कमिश्नर से मामले की शिकायत की। आरोपी सिपाही का वॉट्सएप चैट भी पुलिस को दिखाया। कमिश्नर के आदेश पर तुरंत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी सिपाही योगेंद्र सिंह को पुलिस लाइन से गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में थाना इंचार्ज का कहना है कि सिपाही के खिलाफ छात्रा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि शादी का झांसा देकर के साथ दुष्कर्म किया गया। छात्रा के बयान दर्ज कराए जाएं, मेडिकल भी कराया जाएगा। सिराज/ईएमएस 15अप्रैल26