-जज रहते हुए विश्व हिंदू परिषद के कार्यक्रम में मुसलमानों पर विवादित टिप्पणी का आरोप प्रयागराज,(ईएमएस) । इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव बुधवार को सेवानिवृत्त हो गए, जिससे उनके खिलाफ लंबित महाभियोग प्रस्ताव स्वतः प्रभावहीन हो गया। उनके विरुद्ध राज्यसभा में महाभियोग की प्रक्रिया कथित विवादित टिप्पणियों को लेकर शुरू की गई थी। आरोप था कि वर्ष 2024 में विश्व हिंदू परिषद की विधि प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में समान नागरिक संहिता पर बोलते हुए उन्होंने मुसलमानों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। दिए गए विवादित बयान के बाद विभिन्न संगठनों और विपक्षी दलों ने कड़ी आपत्ति जताई थी और न्यायपालिका की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे। हालांकि न्यायमूर्ति यादव ने सार्वजनिक रूप से इस पर विस्तृत सफाई नहीं दी थी। 18 माह की प्रक्रियात्मक देरी के बीच उनके रिटायर होने से महाभियोग की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ सकी। मामला अब राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बना हुआ है। नंदिनी परसाई/15 अप्रैल 2026