राज्य
15-Apr-2026


-प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले स्थित सिकंदरा आरटीओ चेक पॉइंट पर गुंडागर्दी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर एंट्री फीस को लेकर हुए विवाद में नकाबपोश बदमाशों ने एक बस ड्राइवर की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे गुस्साए यात्रियों ने हाईवे पर रातभर जाम लगा दिया। प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी के कानूनी कार्यों में गुंडे-बदमाशों का यूं उत्पात मचाना कहीं न कहीं शंका को जन्म देता है, जिस पर सवाल उठ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, राजस्थान के सिरोही से तीर्थ यात्रा कर लौट रही बस 14 अप्रैल की रात करीब 1:30 बजे सिकंदरा चेक पॉइंट पर पहुंची। बस चालक लाखाराम का आरोप है कि वहां मौजूद दो नकाबपोश व्यक्तियों ने 2000 रुपये की एंट्री फीस मांगी। चालक ने बताया कि बस के सभी दस्तावेज पूरे होने के बावजूद जब उसने पैसे देने से इनकार किया, तो आरोपियों ने उसे बस से नीचे खींचकर डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी आंख में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने आए उसके साथी प्रकाश रावल को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद बस में सवार महिलाएं और अन्य यात्री नीचे उतर आए और जमकर हंगामा हुआ। आक्रोशित यात्रियों ने बस को आड़ा खड़ा कर हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी रात प्रभावित रहा। यात्रियों का आरोप है कि घटना के बाद उन्हें तत्काल कोई मदद नहीं मिली। सुबह करैरा के एसडीओपी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद घायल चालक का मेडिकल कराया गया और स्थिति को संभाला गया। यात्रियों ने यह भी आरोप लगाया कि चेक पॉइंट प्रभारी सुमन दीक्षित ने मामला शांत कराने के लिए एक लाख रुपये तक की पेशकश की, हालांकि प्रभारी ने इन आरोपों को खारिज किया है। उनका कहना था कि बस का परमिट वैध नहीं था और चालक चालान से बचने की कोशिश कर रहा था। उनके अनुसार, मारपीट की घटना में विभागीय स्टाफ शामिल नहीं था और कुछ बाहरी लोगों ने साजिश के तहत घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए परिवहन विभाग और पुलिस के बीच समन्वय बढ़ाने की बात कही गई है। गौरतलब है कि सिकंदरा चेक पॉइंट पर पिछले आठ महीनों में इस तरह की यह पांचवीं बड़ी घटना है। इससे पहले भी यहां फर्जी रसीद, मारपीट और वसूली से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं। लगातार सामने आ रही घटनाओं ने आरटीओ चेक पॉइंट्स पर चल रहे अवैध वसूली के खेल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हिदायत/ईएमएस 15अप्रैल26