मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई में साइबर अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक महिला पुलिस कांस्टेबल को एपीके लिंक पर क्लिक करना भारी पड़ गया। इस धोखाधड़ी में आरोपियों ने उनके खाते से कुल 12.5 लाख रुपये का लोन निकालकर हड़प लिया। मिली जानकारी के अनुसार, घटना 18 जनवरी 2026 की है जब पीड़िता ने एक संदिग्ध एपीके लिंक पर क्लिक किया। लिंक पर क्लिक करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया और उनका रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर भी निष्क्रिय हो गया, जिससे उन्हें बैंक से आने वाले अलर्ट मिलना बंद हो गया। शुरुआत में पीड़िता को पता चला कि उनके खाते से 28,000 रुपये निकाले गए हैं। लेकिन आगे की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। 20 जनवरी को उनके नाम पर 12.5 लाख रुपये का ऑनलाइन लोन मंजूर किया गया और तुरंत ही कई ट्रांजैक्शनों के जरिए यह रकम एक निजी बैंक में उत्तम पात्रा नामक व्यक्ति से जुड़े खाते में ट्रांसफर कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच पीड़िता के खाते से कुल 78,590 रुपये की ईएमआई भी कट चुकी है। पीड़िता, जो 1997 से पुलिस विभाग में सेवा दे रही हैं और वर्तमान में विक्रोली पुलिस स्टेशन में तैनात हैं, ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। साइबर पुलिस इस मामले की समानांतर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। स्वेता/संतोष झा-२१ अप्रैल/२०२६/ईएमएस