मनोरंजन
16-Apr-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। मणिरत्नम की तमिल फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाले आर. माधवन भले ही आज हिंदी सिनेमा में एक बड़ा नाम कमा चुके हों, लेकिन उनकी जड़ें आज भी दक्षिण सिनेमा से गहराई से जुड़ी हुई हैं। अब उन्होंने जन नायकन के रिलीज से पहले लीक होने और लगातार पायरेसी का शिकार हो रही फिल्मों को लेकर अपना दुख व्यक्त किया है। माधवन ने सुपरस्टार सूर्या शिवकुमार के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए उनके विचारों का समर्थन किया है। आर. माधवन ने अपने ट्वीट में लिखा, मैं पूरी तरह सहमत हूं और यह बेहद दुखद और चिंताजनक है। लोग इस तरह की हरकतें करके कैसे बच निकलते हैं? कृपया इस फिल्म में शामिल सभी लोगों की मेहनत का सम्मान करें। कृपया इसे पायरेटेड प्लेटफॉर्म पर देखने से बचें। इससे पहले, सूर्या शिवकुमार ने भी जन नायकन के समर्थन में ट्वीट करते हुए लोगों से ऐसी वीडियो को न तो देखने और न ही शेयर करने की अपील की थी। उन्होंने लिखा था, दिल दहला देने वाला और अन्यायपूर्ण। पूरी टीम का जुनून इस तरह बर्बाद हो गया। मैं आप सभी से ईमानदारी से निवेदन करता हूं, कृपया इस फिल्म को न देखें, न शेयर करें और न ही यहां इस पर चर्चा करें। उनके काम का सम्मान करें। मैं अपने दोस्तों के साथ खड़ा हूं और इस कृत्य की निंदा करता हूं। यहां यह भी बता दें कि थलापति विजय की जन नायकन लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही है क्योंकि सेंसर बोर्ड ने कुछ कारणों से फिल्म को सर्टिफिकेट नहीं दिया है। हालांकि, सेंसर बोर्ड ने फिल्म के सीन्स के लीक होने को अफवाह बताया है। वहीं, दक्षिण सिनेमा जगत एकजुट होकर फिल्म मेकर्स के समर्थन में खड़ा है और फिल्म एसोसिएशन से इस गैरकानूनी कार्य में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग कर रहा है। यह घटना एक बार फिर फिल्म उद्योग के लिए पायरेसी की गंभीर चुनौती को उजागर करती है। मालूम हो कि साउथ सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर फिल्म जन नायकन रिलीज से पहले ही विवादों के घेरे में आ गई है। खबर है कि फिल्म का एक धमाकेदार एंट्री सीन इंटरनेट पर लीक हो गया है, जिससे मेकर्स और फैंस दोनों काफी परेशान हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा के कई बड़े सितारों ने इस पायरेसी की कड़ी निंदा की है। सुदामा/ईएमएस 16 अप्रैल 2026