क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


फिरोजाबाद (ईएमएस)। जिले के थाना रामगढ़ पुलिस ने 15 अप्रैल 2026 को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल छिनैती की घटनाओं में शामिल एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक फिरोजाबाद आदित्य लांग्हे के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी छोटू उर्फ अवनीश (निवासी नगला मिर्जा, थाना रामगढ़) को हसमत नगर गड्ढों के पास गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, 10 और 11 अप्रैल को थाना उत्तर और थाना रामगढ़ क्षेत्रों में मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों द्वारा मोबाइल छिनैती की घटनाएं की गई थीं। इन घटनाओं के खुलासे के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से तीन आरोपियों की पहचान की गई थी। 15 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम हसमत नगर क्षेत्र में पहुंची, जहां आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया और मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों छिनैती की घटनाओं को कबूल कर लिया है। पुलिस ने बताया कि उसके दो अन्य साथियों को पहले ही मुठभेड़ में गिरफ्तार किया जा चुका है। - ईएमएस