क्षेत्रीय
20-Apr-2026
...


डोंबिवली स्टेशन पर लोकल ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं डोंबिवली, (ईएमएस)। मध्य रेलवे के डोंबिवली रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया। दरअसल अंबरनाथ की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। राहत की बात यह रही कि यह ट्रेन ‘एम्प्टी रैक’ थी, यानी उसमें कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, यह लोकल कलवा कारशेड से निकलकर कल्याण की दिशा में जा रही थी। सुबह करीब 8.09 बजे डोंबिवली स्टेशन के पास पहुंचते ही गार्ड की तरफ के तीन डिब्बों के पहिए पटरी से उतर गए। स्टेशन मास्टर शिवचंद्र और ट्रेन के गार्ड लोकेश मुदलियार ने कहा कि घटना स्टेशन पार करते ही हुई। हादसे की सूचना मिलते ही डोंबिवली रेलवे पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बाबासाहेब थोरात अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पीएसआई चव्हाण, एएसआई गवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी और तकनीकी दल राहत व मरम्मत कार्य में जुट गए। सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर लोकल ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रैक को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर किया गया। चूँकि घटना सुबह के व्यस्त समय में हुई इस कारण मुंबई की ओर जाने वाली लोकल सेवाएं प्रभावित हो गईं। कल्याण, कर्जत और कसारा से आने वाली कई ट्रेनों में देरी हुई। करीब आधे घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा, जिससे प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई ट्रेनों के बीच रास्ते में ही रुक जाने से यात्रियों में असमंजस और चिंता का माहौल बना रहा। सप्ताह के पहले दिन ही रेल सेवा बाधित होने से नौकरीपेशा लोगों को खासा दिक्कतों का सामना करना पड़ा और कई लोग लेट भी हो गए। हालांकि, बाद में तकनीकी टीम ने डिब्बों को हटाकर ट्रैक को ठीक कर लिया और रेल सेवाएं धीरे-धीरे सामान्य कर दी गईं। संतोष झा-२० अप्रैल/२०२६/ईएमएस