फिरोजाबाद (ईएमएस)। शहर के जलेसर रोड स्थित वैकुंठ धाम वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा अमावस्या के पावन अवसर पर 17 अप्रैल को प्रातः 9 बजे लावारिस अस्थियों के सम्मानपूर्वक विसर्जन हेतु एक विशेष यात्रा का आयोजन किया जाएगा। ट्रस्ट के अनुसार यह यात्रा उनके द्वारा आयोजित 51वीं “मोक्ष यात्रा” होगी, जिसमें लगभग 51 पुण्य आत्माओं की अस्थियों का विधि-विधान से विसर्जन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर यह संख्या बढ़ भी सकती है। उल्लेखनीय है कि ट्रस्ट अब तक 200 से अधिक लावारिस अस्थियों का सम्मानपूर्वक विसर्जन कर चुका है। ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि यह यात्रा किशोर मुनि आश्रम, जलेसर रोड से प्रारंभ होकर सोरों गंगा जी तक जाएगी, जहां योग्य ब्राह्मणों द्वारा विधिवत पिंडदान एवं अस्थि विसर्जन कराया जाएगा। इसके उपरांत यात्रा पुनः आश्रम लौटेगी, जहां पुण्य आत्माओं की शांति के लिए गरुड़ पुराण का पाठ किया जाएगा। साथ ही 12 दिन पश्चात संतों के सानिध्य में भोजन भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। ट्रस्ट ने इस पुण्य कार्य में समाज के सभी वर्गों से सहयोग की अपील की है। इच्छुक श्रद्धालु तन, मन और धन से सहयोग करने के लिए आयोजकों से संपर्क कर सकते हैं। वार्ता में जितेंद्र शर्मा, मनीष भदौरिया, कुमुद शर्मा, राहुल हुंडीवाल, विक्रांत शर्मा, पण्डित सिद्धराज पंत, महंत टिल्लू बाबा, बबलू दीक्षित तिरंगा भाई, अजय, कमल आदि लोग मौजूद रहे। - ईएमएस