राज्य
16-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर स्थित रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में गुरुवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब NSUI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए परिसर का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में लिया, जिससे माहौल और गरमा गया। सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शन की वजह फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) की निरीक्षण टीम के विश्वविद्यालय पहुंचने की सूचना थी। जैसे ही यह जानकारी NSUI कार्यकर्ताओं को मिली, वे बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय पहुंचे और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। NSUI जिला उपाध्यक्ष शिवांक सिंह ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राएं लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की कमी से परेशान हैं। उनके अनुसार, गर्ल्स और बॉयज हॉस्टल में पानी, बिजली, कूलर और भोजन जैसी बुनियादी सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। साथ ही फीस वृद्धि और फार्मेसी विभाग की लैब में आवश्यक उपकरणों की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कुछ छात्र नेताओं को हिरासत में लिया। हालांकि कुलसचिव की ओर से छात्रों को समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद धरना समाप्त कर दिया गया। NSUI जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में कई कोर्सों को लेकर पारदर्शिता की कमी है और छात्रों से किए गए वादे पूरे नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अप्रैल 2026