स्वास्थ्य, उत्साह और स्वच्छता का जीवंत संगम बना “राहगीरी डे” यादगार और जन उत्सव की छाप छोड़कर गए रविवार प्रातः के डेढ़ घंटे कटनी (ईएमएस)। नगर पालिक निगम कटनी द्वारा स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित “राहगीरी डे” रविवार को सुभाष चौक से रेलवे स्टेशन रोड मार्ग पर उत्साह, ऊर्जा और जनसहभागिता के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रातः 7 बजे से प्रारंभ हुआ यह आयोजन शहरवासियों के लिए स्वास्थ्य, मनोरंजन और स्वच्छता जागरूकता का अनूठा संगम बनकर सामने आया। कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। योग एवं जुंबा से दिन की स्फूर्ति दायक शुरुआत हुई, वहीं घुड़सवारी, स्केटिंग, म्यूजिकल चेयर, ड्राइंग-पेंटिंग, रंगोली, शतरंज, कैरम, सांप-सीढ़ी, रस्सी खेल, चम्मच-नींबू दौड़, लंगड़ी सहित 25 से भी अधिक खेलों एवं सांस्कृतिक गतिविधियों ने पूरे माहौल को जीवंत और आनंदमय बना दिया। जिसके फलस्वरूप नगर निगम का यह आयोजन एक बार पुनः नागरिकों के मध्य यादगार और जन उत्सव की छाप छोड़ने में पूर्ण रूप से सफल रहा। इनकी रही विशेष उपस्थिति इस दौरान नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक, एम आई सी सदस्य डॉ रमेश सोनी, सुभाष साहू, उमेन्द्र अहिरवार, पार्षद एडवोकेट मौसुफ अहमद बिट्टू, प्रियंका पैरवी बिट्टू, गोविंद चावला, पूर्व पार्षद राजकिशोर यादव, चोखे भाई, स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर निशा तिवारी ,नीलम जगवानी, आशुतोष,मानके ,डॉ ब्रह्मा जसूजा, समाजसेवी मंजूषा गौतम, पायल जोतवानी, कटनी एक्सरसाइज ग्रुप सदस्य दीपक जैन, मनोज सोनी, रेखा तिवारी सहित विभिन्न मीडिया बंधुओं, समाजसेवी संगठन, छात्र छात्राओं सहित काफी संख्या में जनसमुदाय की उल्लेखनीय सहभागिता रही। जुंबा ने पुनः मारी बाजी नगर पालिक निगम द्वारा आयोजित राहगीरी डे में एक बार फिर जुंबा गतिविधि ने नागरिकों का दिल जीत लिया। प्रातःकालीन इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं बच्चे शामिल हुए, जिन्होंने उत्साहपूर्वक जुंबा सेशन में भाग लेकर स्वास्थ्य के साथ मनोरंजन का भी आनंद लिया।तेज संगीत की धुनों पर प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ स्टेप्स दोहराए, जिससे पूरे आयोजन स्थल का माहौल ऊर्जावान और उत्साहपूर्ण बन गया। जुंबा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अन्य गतिविधियों की तुलना में इसमें सर्वाधिक सहभागिता देखने को मिली। स्वच्छता जागरूकता गतिविधियों की हुई सराहना प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ इन गतिविधियों में हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता गतिविधियां, स्रोत पृथक्करण, प्लास्टिक प्रतिबंध एवं जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जन जागरूकता का व्यापक संदेश भी नागरिकों के मध्य प्रसारित किया गया। जिसकी नागरिकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विजेता प्रतिभागी,स्वच्छता मित्रों एवं विशेष योगदान करने कर्मचारियों को तुलसी का पौधा भेंट कर उनके योगदान को सराहा गया, जिसमें उपस्थित नागरिकों में सकारात्मक प्रेरणा का संचार हुआ। नगर निगम प्रशासन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी सहभागियों, सहयोगी संस्थाओं एवं नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन शहर में स्वच्छता, स्वास्थ्य और सामुदायिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करते हैं। रविवार की यह सुबह शहरवासियों के लिए उत्साह, उमंग और जागरूकता का संदेश छोड़ते हुए एक यादगार जन उत्सव के रूप में संपन्न हुई। आकर्षण का केंद्र रही पेंटिंग प्रतियोगिता कार्यक्रम के दौरान विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं की पेंटिंग प्रतियोगिता आर्कषण का केन्द्र बनी रही इस दौरान बच्चों द्वारा स्वच्छता के संबंध में एक से बढ़कर एक कलाकृतियां उकेरकर स्वच्छता का संदेश आमजनों के मघ्य प्रसारित किया। बचपन की यादें हुई ताजा कार्यक्रम के दौरान घुड़सवारी, रस्सी खेल, चम्मच नींबू, बोरा दौड़, लंगड़ी, सांप-सीढ़ी,कैरम आदि गेम का लुत्फ उठाकर नागरिकों ने कहा कि इस आयोजन ने सभी की बचपन की यादों को तरो ताजा कर दिया। उन्होंने इस तरह की गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की अपेक्षा जताई। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी उपायुक्त श्री शैलेश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री असित खरे, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन आदेश जैन, उपयंत्री मोना करेरा,मृदुल श्रीवास्तव, शैलेन्द्र प्यासी, पवन श्रीवास्तव, जे.पी.सिंह बघेल स्वास्थ्य अधिकारी संजय सोनी, लेखाधिकारी श्रीकांत तिवारी, मुकेश राजपूत, विनोद सिंह चौहान, सागर नायक, मानेन्द्र सिंह, आलोक तिवारी, संदीप पाठक, शुभम द्विवेदी साधुराम स्कूल, के सी एस स्कूल एवं ए रविंद्रराव स्कूल के छात्र छात्राओं एवं शिक्षकों सहित अन्य विभाग प्रमुखों एवं निगम के कर्मचारियों की मौजूदगी रही।