इन्दौर (ईएमएस) पुलिसकर्मियों के अपराधियों के साथ सांठगांठ के उजागर एक मामले में कार्रवाई करते एटीएस भोपाल ने इंदौर क्राइम ब्रांच के एएसआई रामपाल को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में एटीएस ने एएसआई रामपाल के अलावा इंदौर डिटेक्टिव सर्विस के संचालक योगेश बेलवाल, भोपाल की कर्मा डिटेक्टिव एजेंसी के अनिकेत पटेल को भी गिरफ्तार किया है। मामला डिटेक्टिव एजेंसी को आम लोगों की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) बेचने का है और मामले में एटीएस की प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ था कि एएसआई रामपाल डिटेक्टिव एजेंसी को आम लोगों की कॉल डिटेल देता था। इसके लिए पुलिसकर्मी रामपाल केस की जांच का बहाना बना कंपनियों से सीडीआर निकलवा संदेही के साथ-साथ अन्य लोगों के नंबर जोड़कर उनकी भी कॉल डिटेल हासिल कर लेता था और जिसे बाद में मोटी रकम लेकर दे देता था। गिरफ्तारी के बाद अब एटीएस इनसे पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है और यह रकम और किन किन लोगो में बटीं तथा किन किन लोगों की सीडीआर दी गई। मामले में जांच की शुरुआत में एटीएस को पता चला था कि इंदौर डिटेक्टिव सर्विस के संचालक मुकेश तोमर और योगेश बेलवाल ने 40 हजार रुपए में डील की थी। भोपाल के कर्मा एजेंसी के अनिकेत 20 हजार रुपए में डिटेल देने को तैयार हो गया था। एटीएस ने मुकेश तोमर की कॉल डिटेल निकाली। इसमें पता चला कि उसकी रोजाना बातचीत क्राइम ब्रांच के एएसआई रामपाल से होती थी। एटीएस ने पहले रामपाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसके मोबाइल और लैपटॉप से पता चला कि वह मुकेश और योगेश को सीडीआर की कॉपी देता था। वह दोनों से कई बार फेस टू फेस मिल चुका था। इसके बाद एटीएस ने मामले में इन तीनों को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ में लिया है। आनंद पुरोहित/ 16 अप्रैल 2026