क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


रायगढ़(ईएमएस)। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बुजुर्ग की जान चली गई। साइकिल से शादी का कार्ड बांटने निकले 60 वर्षीय व्यक्ति को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसमुरा निवासी नरसिंह चौहान के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। वह साइकिल से निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए निकले थे। इसी दौरान कोतरारोड बाईपास स्थित ईला मॉल के पास तेज रफ्तार ट्रक चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सूत्रों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर ट्रक जब्त कर लिया। शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी सुखनंदन पटेल ने बताया कि मृतक शादी का कार्ड बांटने जा रहा था, तभी हादसा हुआ। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अप्रैल 2026