क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी में एलपीजी सिलेंडर वितरण में लापरवाही और उपभोक्ताओं से दुर्व्यवहार के मामले में अब सख्ती शुरू हो गई है। इसी कड़ी में फाफाडीह चौक के पास संचालित रायपुर गैस एजेंसी को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों के बाद की गई है। सूत्रों के अनुसार, संबंधित एजेंसी पर समय पर सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराने, निर्धारित 25 दिनों की जगह 35 दिनों तक डिलीवरी में देरी करने और उपभोक्ताओं से अतिरिक्त राशि मांगने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। इसके अलावा एजेंसी संचालक द्वारा ग्राहकों के साथ बदतमीजी करने की शिकायतें भी लगातार सामने आ रही थीं। बताया जा रहा है कि एजेंसी के बाहर अक्सर “स्टॉक खत्म” का बोर्ड लगा दिया जाता था। इसके बावजूद बड़ी संख्या में उपभोक्ता सुबह से लाइन में लगते थे, लेकिन कई घंटों के इंतजार के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाता था। इस स्थिति को लेकर कई बार उपभोक्ताओं ने विरोध और हंगामा भी किया। सूत्रों के मुताबिक, बढ़ते विवाद और शिकायतों को देखते हुए एचपी कंपनी के अधिकारियों ने जांच के बाद एजेंसी को निलंबित करने का निर्णय लिया। कार्रवाई के तहत एजेंसी से जुड़े करीब 12 हजार उपभोक्ताओं को अन्य एजेंसियों में स्थानांतरित किया गया है। इनमें लगभग 11 हजार उपभोक्ताओं को राजेंद्र एचपी गैस एजेंसी और करीब 1 हजार उपभोक्ताओं को शांति एचपी गैस एजेंसी में शिफ्ट किया गया है। कंपनी की ओर से दोनों एजेंसियों में अतिरिक्त वितरण केंद्र भी शुरू किए गए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की असुविधा न हो। सूत्रों का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत सिलेंडर वितरण शुरू कर दिया गया है और यदि कहीं समस्या आती है तो उसे तत्काल दूर करने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अप्रैल 2026