राज्य
16-Apr-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली में इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने शुक्रवार को 41 डिग्री और शनिवार को 42 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई है। रिज क्षेत्र 40.7 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा। लगातार बढ़ती गर्माहट के बीच बुधवार (15 अप्रैल) का दिन गर्मियों के इस सीजन में अभी तक का सबसे गर्म दिन रिकाॅर्ड किया गया। दिन भर खिली रहने वाली तेज धूप के बीच दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 डिग्री पार कर गया। शुक्रवार को इसके 41 व शनिवार को 42 डिग्री तक पहुंच जाने की संभावना है। उधर, 11 दिन तक मध्यम श्रेणी में रहने के बाद बुधवार को राजधानी की हवा भी खराब श्रेणी में पहुंच गई। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। यह गर्मियों के इस सीजन के साथ- साथ इस वर्ष का भी अभी तक सबसे ज्यादा है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री कम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। 40.7 डिग्री सेल्सियस के साथ रिज क्षेत्र बुधवार दिल्ली का सबसे गर्म इलाका रहा। न्यूनतम तापमान मुंगेशपुर में सर्वाधिक 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 73 से 17 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। तेज धूप भी निकली रहेगी। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमश: 40 और 21 डिग्री के आसपास रह सकता है। अजीत झा /देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/16/अप्रैल /2026