जयपुर (ईएमएस)। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में सख्त पुलिसिंग की जाए। हमारा उद्देश्य आमजन को भयमुक्त रखना है। भू-माफिया, अतिक्रमणकारी, अराजक तत्व और घुसपैठियों पर सख्त कार्यवाही हो। पुलिस अधिकारी थाने में आने वाले परिवादियों से विनम्रता से मिलें और उन्हें राहत प्रदान करें। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने सर्किट हाउस में अजमेर उत्तर क्षेत्र के सभी थाना प्रभारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि शहर में सख्त पुलिसिंग की जाए। दरगाह के आसपास के क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों और रोहिंग्याओं की जानकारी आती रहती है। यह सुनिश्चित किया जाए कि एक भी घुसपैठिया ना बचे। कई लोग आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होते हैं। पुलिस प्रो-एक्टिव होकर इन पर कार्यवाही करें। इसी तरह कई स्थानों पर भू-माफिया और अतिक्रमणकारी भी लगातार लोगों और प्रशासन को परेशान करते रहते हैं। इन्हे बख्शा नहीं जाए और जनता को राहत दिलाई जाए।विधानसभा अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि इसी तरह विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक खुली रहने वाली थडिय़ों, कैफे आदि पर असामाजिक तत्व भी जमा रहते हैं। लगातार पैट्रोलिंग कर ऐसे लोगों को डिटेन किया जाए, उन पर सख्ती हो। रेस्टोरेंट, होटल, हुक्काबार आदि पर निरंतर सर्च अभियान चलाया जाए। बदमाशों में भय रहना चाहिए और महिलाएं, बालिकाएं, बच्चे और आमजन निर्भय होकर घूमे। अशोक शर्मा/ 5:30 बजे/ 16 अप्रेल 2026