क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


- जिला चिकित्सालय मुरार में अत्याधुनिक प्राइवेट वार्डों का शुभारंभ ​कलेक्टर ने स्वास्थ्य कर्मियों व सफाई मित्रों से फीता कटवाकर कराया उदघाटन ग्वालियर ( ईएमएस ) | ग्वालियर जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और आमजन को निजी अस्पतालों जैसी उच्च स्तरीय सुविधाएं सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध कराने की दिशा में आज एक और आयाम जुड़ा है। प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की कड़ी में जिला चिकित्सालय मुरार में नवनिर्मित अत्याधुनिक एवं सर्वसुविधायुक्त प्राइवेट व सेमी-प्राइवेट वार्डों का गुरुवार को शुभारंभ हुआ। परंपराओं से हटकर कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने एक प्रेरक पहल की। उन्होंने इन वार्डों का फीता स्वयं न काटकर, वहां तैनात होने जा रहीं नर्सों व सफाई मित्रों के हाथों से फीता कटवाकर शुभारंभ करवाया। अस्पताल की असली ताकत उसका सेवाभावी स्टाफ होता है। इसी भाव के साथ अस्पताल स्टाफ को यह सम्मान दिया गया है । ​वार्डों की प्रमुख विशेषताएं ​जिला चिकित्सालय में मरीजों की और बेहतर देखभाल के लिए प्राइवेट वार्ड में विशेष इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया गया है। जिसमें ​सिंगल बेड 4 वार्ड और 4-4 बेडेड ​2 सेमी-प्राइवेट वार्ड तैयार किए गए हैं। इन वार्डों में मरीजों को किफायती दर पर बेहतर स्वास्थ्य वातावरण मिलेगा। इन वार्डों में बेहतर वेंटिलेशन, अटेंडेंट के बैठने की व्यवस्था और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है। ​इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप ग्वालियर जिले में भी स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है। जिला अस्पताल को अब इस तरह विकसित किया जा रहा है कि मध्यम वर्गीय परिवारों को निजी अस्पतालों की ओर न भागना पड़े। मुरार जिला चिकित्सालय में इन वार्डों के शुरू होने से अब मरीजों को प्रीमियम हेल्थकेयर का अनुभव मिल सकेगा। कार्यक्रम के दौरान अपर कलेक्टर श्री कुमार सत्यम, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ सचिन श्रीवास्तव, जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. आर.के. शर्मा, वरिष्ठ चिकित्सक एवं प्रबंधक राजेश बिरथरिया और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी उपस्थित रहे। डॉ. शर्मा ने बताया कि इन वार्डों के संचालन के लिए स्टाफ को विशेष ब्रीफिंग दी गई है ताकि मरीजों को त्रुटिहीन सेवा मिल सके।