* राजस्थान के एनएच-27 पर हुआ हादसा, ड्राइवर गंभीर हालत में, महिला, बच्चों और बुजुर्गों समेत 35 घायल अहमदाबाद (ईएमएस)| राजस्थान के कोटा में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे-27 पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कोटा बायपास स्थित हरे कृष्ण मंदिर के पास तेज रफ्तार स्लीपर-कोच बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 35 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, बस में करीब 60 यात्री सवार थे। मृतकों में तीनों पुरुष बताए जा रहे हैं, जिनमें दो की पहचान नवीन और धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। जानकारी के मुताबिक बस बुधवार दोपहर 12 बजे अहमदाबाद से रवाना हुई थी और भिंड-मुरैना की ओर जा रही थी। रात करीब 11:15 बजे कोटा बायपास पर चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस काफी तेज गति में थी। अनियंत्रित होने के बाद बस पहले अपनी लेन से बाहर निकली, फिर एक छोटे पुल से टकराई, डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी ओर जाकर पलट गई। इसी दौरान दूसरी लेन से एक ट्रेलर गुजर रहा था। ट्रेलर चालक ने अचानक सामने बस देखकर इमरजेंसी ब्रेक लगाए और सीधी टक्कर टाल दी, लेकिन बस के शीशे टूटने से तीन यात्री सड़क पर जा गिरे और ट्रेलर के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। नगर निगम की फायर ब्रिगेड और क्रेन को भी तुरंत बुलाया गया। हाइड्रोलिक कटर से बस की बॉडी काटकर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज की नए अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रशासन ने अतिरिक्त डॉक्टरों की टीम भी तैनात की, ताकि घायलों का तुरंत इलाज हो सके। सामान्य रूप से घायल यात्रियों को रैन बसेरा भेजा गया है। हादसे के कारण एनएच-27 पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रेलर को हटाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है कि हादसा ड्राइवर को झपकी आने से हुआ या बस में किसी तकनीकी खराबी के कारण। सतीश/16 अप्रैल