राष्ट्रीय
16-Apr-2026
...


-महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पर बहस के दौरान सत्ता–विपक्ष में तीखी नोक-झोंक नई दिल्ली,(ईएमएस)। संसद के विशेष सत्र के पहले दिन गुरुवार को लोकसभा में उस समय माहौल हल्का-फुल्का लेकिन राजनीतिक रूप से गरम हो गया, जब माइक को लेकर विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच बातचीत ने तंज का रूप ले लिया। घटना के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के माइक को लेकर सवाल उठाया कि क्या उनका माइक ठीक से काम कर रहा है। इसी बीच कुछ सांसदों ने भी कहा कि माइक बंद है। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मुस्कुराते हुए तंज कस दिया—“माइक चालू है, आपका ही बंद होता है।” उनकी यह टिप्पणी सदन में कई सदस्यों के लिए हंसी का कारण बनी, लेकिन राजनीतिक संकेतों के कारण यह चर्चा का विषय भी बन गई। गृह मंत्री अमित शाह ने भी विपक्ष की ओर से की गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बिना विधेयक पर विस्तृत चर्चा के उसकी मंशा पर सवाल उठाना उचित नहीं है। सदन में बहस के दौरान विपक्षी दलों ने सरकार द्वारा लाए गए महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर सवाल उठाए। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने इन्हें “असंवैधानिक” बताते हुए इनके समय और प्रक्रिया पर आपत्ति दर्ज की। इस बीच, संसद में चल रहे इस विशेष सत्र में महिला आरक्षण, परिसीमन और संघ शासित प्रदेशों से जुड़े तीन अहम विधेयकों पर चर्चा हो रही है। इन प्रस्तावों के कारण सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार तीखी बहस देखने को मिल रही है। हिदायत/ईएमएस 16अप्रैल26