क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


- लाखो के देनदार पुलिस की राडार पर, आखरी समय में कॉल करने वालो से भी होगी पूछताछ भोपाल(ईएमएस)। शहर के देहात इलाके के बैरसिया क्षेत्र में किराना कारोबारी मोहम्मद हनीफ की दिन दहाड़े बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस को अहम जानकारी हाथ लगी है। मृतक के भाई अनीस का कहना है कि मृतक हनीफ ने एक दर्जन से अधिक लोगों को उधार माल दिया था, जिसका उन्हें करीब 50 लाख रुपए लेना था। अनीस ने हिसाब की डायरी को पुलिस को सौपीं है। सूत्रो के मुताबिक अब पुलिस उन सभी लोगों को थाने तलब कर पूछताछ करने की तैयारी में है, जिनसे मृतक हनीफ को लाखों रुपए लेना थे। वहीं पुलिस मृतक के मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर उन्हें आखिरी समय में फोन करने वालों से भी पूछताछ करेगी। - बाइक सवार हमलावर ने बीच सड़क पर मारी थी दो गोलियां पुलिस ने बताया कि हनीफ (42) पिता मोहम्मद शफीक, वार्ड नंबर 7 बैरसिया में रहते है। वह स्थानीय स्तर पर किराना व्यवसाय से जुड़े थे। रोजमर्रा के काम के सिलसिले में आसपास के क्षेत्रों में उनका आना-जाना रहता था। बुधवार को वह घर में खेजड़ा मेसर स्थित अपनी खेती की जमीन पर जाने का कहकर निकले थे। बाद में हनीफ का शव उनके घर से करीब 10 किलोमीटर दूर सड़क किनारे ढाबे के पास मिला। जांच के दौरान मृतक के सीने में गोली लगने के निशान पाए गए, जिससे साफ हुआ की उनकी हत्या की गई है। घटनास्थल से उनकी बाइक भी बरामद की गई है। परिवार वालो का कहना है की दोपहर एक बजे किसी ने कॉल कर उन्हें बुलाया था। वह घर से कुछ देर में आने का बोलकर निकले थे। बुधवार शाम साढ़े चार बजे उनकी हत्या कर दी गई। हालांकि परिजनों ने हत्या के लिए किसी संदेही का नाम पुलिस को नहीं बताया है। - गर्मी के कारण सुनसान था घटनास्थल आसपास नहीं लगे सीसीटीवी पुलिस अफसरो का कहना है की मृतक के सीने में दो गोली लगने के निशान हैं। हत्याकांड को क्यों और किसने अंजाम दिया फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि पुलिस की अब तक की जांच में यह साफ हो गया है, कि हमलावर बाइक सवार था। उसने सरेराह हनीफ को रोका। बहस की और सीने और कंधे में दो गोलियां मारकर फरार हो गया। गर्मी के कारण सड़क सुनसान थी। आस पास कोई खास आबादी भी नहीं थी, लिहाजा आरोपी वारदात को आसानी से अंजाम देकर भाग निकला। पुलिस मामले की सभी एंगल पर जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सुराग जुटाने के लिये पास में स्थित ढाबे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। जुनेद / 16 अप्रैल