क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


- अन्य युवक से नजदीकियां के संदेह पर की मारपीट भोपाल(ईएमएस)। मिसरोद इलाके में एक युवती का उसके पूर्व प्रेमी ने अपने परिवार के साथ मिलकर उसे एक होटल से अगवा कर उसकी जमकर पिटाई लगाई। इतना ही नहीं आरोपियो ने युवती के दोस्त के साथ भी मारपीट की। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अपहरण, छेड़खानी और मारपीट समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक 26 वर्षीय युवती अवधपुरी इलाके में रहती है। करीब 10 साल से उसकी शुभम नाम के युवक से नजदीकियां थी। उनकी शादी की बात भी चल रही थी। इसी दौरान युवती की नौकरी निजी कंपनी में लग गई। बाद में युवती की दोस्ती राहुल नाम के युवक से हो गई। युवती ने जब शुभम से बात करना कम कर दिया तो तब उसे संदेह हुआ की युवती की नजदीकियां अपने सहकर्मी राहुल से बढ़ गई है, जिस कारण वह उससे दुरियां बना रह है। इसके बाद शुभम ने दोनों को सबक सिखाने की योजना बनाई। मंगलवार सुबह शुभम युवती को स्कूटर से केंद्रीय विद्यालय के पीछे स्थित एक होटल में ले गया, जहां उसने राहुल को भी बुला लिया। इसी दौरान शुभम ने अपने ममेरे भाइयों और भाभी के साथ मिलकर दोनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। बाद में उन्हें जबरन कार में बैठाकर बरखेड़ा पठानी ले जाया गया, जहां फिर से मारपीट की गई और बाद में छोड़ दिया। हालांकि होटल में हंगामा देख कर्मचारियों ने डायल 112 पर सूचना दी थी। पुलिस को वाहन का नंबर मिला, जिसके आधार पर युवती से सपंर्क किया गया। महिला अधिकारी ने उससे पूछताछ की लेकिन उसने कहा कि शुभम कुमार उसका पुराना दोस्त है, और वह किसी तरह की कार्रवाई नहीं चाहती है। मारपीट में चोट लगने के कारण युवती को एम्स में भर्ती कराना पड़ा। बाद में युवती अपने बयान से बदल गई और शिकायत दर्ज कराने पहुंची। पुलिस ने युवती की शिकायत पर शुभम कुमार, अमित कश्यप, शैलेष कश्यप और नेहा कश्यप पर अपहरण का मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिये है। जुनेद / 16 अप्रैल