संभल,(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के संभल में ईदगाह और इमामबाड़े पर गुरुवार सुबह से ही बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। इस कार्रवाई में इमामबाड़ा गिरा दिया गया है। अब ईदगाह को चार बुलडोजरों से तोड़ा जा रहा है। मौके पर 5 थानों की पुलिस फोर्स और एक कंपनी पीएसी की तैनात की गई है। इस बीच, गांव के लोग मौके पर जुटे। विरोध की आशंका को देखकर अफसरों ने उन्हें वहां से हटा दिया। प्रशासन के मुताबिक, करीब 7 बीघा चारागाह की जमीन पर ईदगाह और खाद गड्ढे की भूमि पर इमामबाड़ा बनाया गया था। इसके बाद गांव वालों की शिकायत के बाद लेखपाल स्पर्श गुप्ता ने 18 जनवरी को तहसीलदार कोर्ट में अपील दायर की थी। 31 जनवरी को कोर्ट के आदेश पर नोटिस अखबार में छपवाया गया। कहा गया कि जो भी कब्जेदार हैं, वे सामने आएं। हालांकि, कोई भी सामने नहीं आया। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 7.30 बजे एसडीएम निधि पटेल और नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहां कुछ लोग छैनी-हथौड़ी से इमामबाड़े को तोड़ रहे थे। हालांकि, प्रशासन ने उन्हें हटा दिया। मामला कोतवाली संभल क्षेत्र के बिछोली गांव का है। दोपहर 12 बजे डीएम राजेंद्र पेंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस-प्रशासन की टीमों से ढांचों को गिराए जाने की कार्रवाई की रिपोर्ट ली और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। नगर पालिका परिषद संभल के जेसीबी ऑपरेटर सौरभ सिरसवाल के दाहिने हाथ में चोट आई है। इमामबाड़े की दीवार को तोड़ते समय दीवार अचानक जेसीबी के ऊपर गिर गई। जेसीबी का शीशा टूट गया। मशीन को भी नुकसान हुआ। घटना के बाद मशीन खराब हो गई। उस मशीन को वापस भेज दिया गया है। आशीष दुबे / 16 अप्रैल 2026