धमतरी (ईएमएस)। जिले में आईपीएल सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। कुरूद थाना क्षेत्र में दबिश देकर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उनके पास से 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर जिलेभर में जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत लगातार कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में कुरूद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीएसएनएल कार्यालय के पास दो व्यक्ति मोबाइल ऐप के जरिए आईपीएल सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी, जहां दोनों आरोपी मोबाइल में BLISSEXCH ऐप के माध्यम से सट्टा लगाते हुए रंगे हाथ पकड़े गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवन यादव (40), निवासी पुराना बस स्टैंड कुरूद और कौशल साहू (31), निवासी कारगिल चौक कुरूद के रूप में हुई है। जब्त सामग्री में शामिल 2 मोबाइल फोन और 1 आईफोन (लगभग ₹85,000)नगद ₹20,500 सफेद रंग की अर्टिका कार (CG-05 AP-8457, कीमत लगभग ₹4 लाख) कुल जब्ती: ₹5,05,५०० पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। जीवन यादव के खिलाफ पहले से जुआ एक्ट, धमकी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं, वहीं कौशल साहू पर भी जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुरूद में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 और बीएनएस की धारा 112, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। गौरतलब है कि हाल ही में सिटी कोतवाली धमतरी पुलिस ने सिहावा चौक में भी कार्रवाई करते हुए 5 जुआरियों को गिरफ्तार किया था, जिनके पास से ₹83 हजार नकद जब्त किए गए थे। इसके अलावा जिले में अलग-अलग स्थानों पर 6 मामलों में 1.39 लाख रुपये से अधिक की रकम जब्त की जा चुकी है। एसपी सूरज सिंह परिहार ने साफ कहा है कि जिले में जुआ और सट्टा जैसे अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)16 अप्रैल 2026