क्षेत्रीय
16-Apr-2026
...


गुना (ईएमएस)। अप्रैल का आधा महीना बीतते ही गर्मी ने तेवर दिखाना शुरू कर दिया है। जिले में बीते दो-तीन दिनों के भीतर तापमान में करीब 3 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे दिन के समय तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह की आर्द्रता 32 प्रतिशत और शाम को घटकर 19 प्रतिशत रह गई, जिससे वातावरण और अधिक शुष्क महसूस हुआ। तेज गर्मी का असर शहर की सड़कों पर भी साफ नजर आने लगा है। दोपहर के समय बाजार और प्रमुख मार्गों पर आवाजाही कम हो गई है। जो लोग जरूरी काम से बाहर निकल रहे हैं, वे भी धूप से बचने के लिए मुंह ढंककर या सिर पर कपड़ा रखकर निकलते दिखाई दे रहे हैं। दोपहर में गर्म हवाओं के कारण खुले में ज्यादा देर रुकना मुश्किल हो रहा है। वहीं, बढ़ती गर्मी के बीच बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर घोषित क्षेत्रों के अलावा अन्य इलाकों में भी घंटों तक बिजली गुल की जा रही है। अचानक हो रही कटौती से घरों और दुकानों में कामकाज प्रभावित हो रहा है, खासकर दोपहर और शाम के समय लोगों को अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक ओर तेज गर्मी से राहत नहीं मिल रही, वहीं दूसरी ओर बार-बार बिजली जाने से हालात और मुश्किल हो रहे हैं। नागरिकों ने मांग की है कि बिजली आपूर्ति सुचारू रखी जाए, ताकि इस भीषण गर्मी में कुछ राहत मिल सके। - सीताराम नाटानी