भोपाल (ईएमएस)। भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल सर्किल द्वारा दिनांक 14 अप्रैल 2026 को स्थानीय प्रधान कार्यालय ऑडिटोरियम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की 135वीं जयंती के अवसर पर एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुआ। तत्पश्चात भारतीय स्टेट बैंक, भोपाल सर्किल, सेवा के महासचिव दिनेश कुमार खसारिया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने बाबा साहेब के प्रमुख योगदानों की चर्चा करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयासों के बारे में बताया । मुख्य महाप्रबंधक प्रभाष कुमार सुबुद्धि ने अपने संबोधन में डॉ. अंबेडकर के विचारों—समानता, एकता, आत्मसम्मान एवं नैतिकता—को बैंकिंग कार्य संस्कृति में अपनाने पर बल दिया तथा बैंक की सामाजिक प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। मुख्य वक्ताओं डॉ. सीमा माथुर (सहा. प्राध्यापक, दिल्ली यूनिवर्सिटी) एवं डॉ. अरुण खोबरे (सहा. प्राध्यापक, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता विश्वविद्यालय भोपाल ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, संघर्ष एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनकी विचारधारा की वर्तमान प्रासंगिकता पर विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रस्तुति: हर्षा रात्रे एवं टीम • गीत गायन: राजमंगल सोय, आशीष डागर, कमल गजभिए • कविता पाठ: कैलाश मेश्राम • बच्चों के लिए क्विज: नीता खरे • कार्यक्रम का संचालन सुश्री रेनुका साहू एवं सुश्री संगीता खलखो द्वारा किया गया। समारोह में लगभग 350 से अधिक अतिथियों की उपस्थिति रही। अंत में भारतीय स्टेट बैंक एससी/एसटी कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष अध्यक्ष हरिसिंह दलोदिया ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। ईएमएस, 16 अप्रैल, 2026