* कंवर और बिंझवार समाज को मिली सौगात * विधायक फूल सिंह राठिया ने किया भूमिपूजन कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया की सक्रियता और जनसेवा की प्रतिबद्धता एक बार फिर ग्राम पंचायत पुरेना (मड़वारानी) में देखने को मिली। उनके मुख्य आतिथ्य में पंचगण कंवर समाज के लिए 20 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण तथा बिंझवार समाज के सामुदायिक भवन में 15 लाख रुपए की लागत से अहाता निर्माण कार्य का विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन किया गया। इस अवसर पर पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को भव्य रूप दिया। भूमिपूजन के दौरान विधायक फूलसिंह राठिया ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के सभी समाजों के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लिए बनाए जा रहे ये भवन और शेड न केवल सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन में सहायक होंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के हर वर्ग तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसी दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बरपाली के अध्यक्ष संतोष देवांगन, सांसद प्रतिनिधि सहसराम कौशिक, जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, विधायक प्रतिनिधि अमर खांडे, मंडल अध्यक्ष संतोष सुर्या, निरंजन श्रीवास, प्रमोद श्रीवास, संजय आदिले, भागीरथी कश्यप, सूरज सोनी, द्वारका कौशिक, तरुण माझी, बेदी देवांगन, मोहन बरेठ, ललित पटेल, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार, चित्रलेखा श्रीवास एवं अशोक श्रीवास सहित अनेक जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। ग्रामीणों ने बताया कि विधायक फूलसिंह राठिया द्वारा लगातार क्षेत्र में सड़क, भवन, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य कराए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है। इस तरह के सामाजिक भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को अपने कार्यक्रमों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा और सामाजिक एकता को भी मजबूती मिलेगी। 17 अप्रैल / मित्तल