खेल
17-Apr-2026


मुकेश या रामकृष्ण को मिल सकता है अवसर मुम्बई (ईएमएस)। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के तेज गेंदबाज खलील अहमद चोटिल होने के कारण आईपीएल के पूरे सत्र से बाहर हो गये हैं। पहले ही ही खिलाड़ियों के चोटिल होने से परेशान सीएसके की मुश्किले अब खलील के बाहर होने से और बढ़ गयी हैं। खलील के बाहर होने से सीएसके की गेंदबाजी कमजोर हुई है। जिसकी भरपाई के लिए अब टीम मुकेश कुमार या रामकृष्ण घोष में से किसी एक को शामिल कर सकती है। सीएसके ने खलील के बाहर होने की पुष्टि की है। फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया में बताया, केकेआर के खिलाफ हाल ही में हुए मुकाबले में दाएं क्वाड्रिसेप्स में खिंचाव के बाद खलील आईपीएल से बाहर हो गए। हम खलील के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उसे केकेआर की पारी के दौरान अपने रन-अप में परेशानी हुई और अचानक रुकना पड़ा था। शुरुआती तौर पर यह गंभीर ऐंठन का मामला लग रहा था पर बाद में जांच में इसे गंभीर पाया गया। इसके बाद उन्हें मैदान से बाहर ले जाया गया, जिससे उनके साथी खिलाड़ी गुरजपनीत सिंह को ओवर की बची हुई पांच गेंदें फेंकनी पड़ी थीं। इस मामले में खलील को सर्जरी भी करवानी पड़ सकती है। खलील अहमद का मौजूदा टूर्नामेंट से बाहर होना चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक ऐसे समय में आया है जब टीम का गेंदबाजी आक्रमण पहले से ही संघर्ष कर रहा है और कमजोर नजर आ रहा है। उनकी अनुपस्थिति निश्चित रूप से टीम की चुनौतियों को और बढ़ाएगी। टीम पहले से ही कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही है। कप्तान एमएस धोनी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं, जबकि विदेशी तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन स्ट्रेस फ्रैक्चर की समस्या से जूझने के कारण शुरुआती मुकाबलों से बाहर चल रहे हैं। ऐसे में खलील का बाहर होना टीम के संतुलन को और भी प्रभावित करेगा। खलील की जगह लेने के लिए मुकेश सबसे बड़े दावेदार हैं। उन्होंने आईपीएल के 16 मुकाबलों में 17 विकेट लिए हैं। वहीं दूसरे विकल्प रामकृष्ण दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो निचले क्रम में अपनी बल्लेबाजी भी कर सकते हैं। मौजूदा सीजन में सीएसके का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। टीम ने अब तक कुल 5 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से उन्हें 2 में जीत मिली है जबकि 3 में हार का सामना करना पड़ा है। इस हार-जीत के अनुपात के साथ, खलील के बाहर होने से टीम पर अतिरिक्त दबाव आएगा। सीएसके का अगला मुकाबला शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के साथ होगा। ईएमएस 17 अप्रैल 2026