इन्दौर (ईएमएस) स्थानीय जाल सभागृह में आज 18 अप्रैल को आयोजित एक अनूठे कार्यक्रम में गरीब मरीजों से रुपए के बजाय अनाज, सब्जियां या फल लेकर भी उनका उपचार करने वाले कोकण, महाराष्ट्र के मशहूर आयुर्वेदाचार्य वैद्य सुविनय दामले उदर भरण नोहे, जाणीजे यज्ञकर्म... विषय पर व्याख्यान देंगे। सानंद न्यास एवं चोइथराम हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के बारे में जयंत भिसे एवं संजीव वावीकर के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ चोइथराम चैरिटेबल ट्रस्ट के सीईओ सुमित नांदेडकर करेगें। आयुर्वेदाचार्य वैद्य दामले अपने सरल, सहज और प्रभावी आयुर्वेदिक उपचारों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। घरेलू उपचार और भारतीय आयुर्वेद का प्रचार-प्रसार भी करते हैं। आयुष मंत्रालय ने उन्हें राष्ट्रीय आयुर्वेद गुरु की उपाधि से सम्मानित किया है। वे गरीब मरीजों से पैसे के बजाय अनाज, सब्जियां या फल लेकर उपचार करते हैं। उनकी इस अनोखी वस्तू विनिमय (बार्टर) पद्धति का उल्लेख लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी किया गया है। अन्न ही औषधि है सूत्र को प्रतिपादित करने वाले दामले कार्यक्रम में स्वास्थ्य रहस्य, आहार रहस्य और जीवन रहस्य जैसे उपयोगी विषयों को सरल और सहज तरीके से बताएंगे। कार्यक्रम सभी के लिए खुला है। आनंद पुरोहित/ 17 अप्रैल 2026