-सीएम मोहन यादव ने जताया दु:ख, मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश श्योपुर,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश के श्योपुर में सड़क हादसे में चार महिलाओं की मौत हो गई और 22 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सीएम मोहन यादव ने घटना पर दुःख जताते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक वीरपुर के घुघस गांव से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर लोग पार्वती बड़ौदा गांव में भात देने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान विजयपुर क्षेत्र के पास गैस गोदाम के नजदीक ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में चार महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सरोज पत्नी मगन गुर्जर, सुनेना पत्नी कल्ला गुर्जर, सीमा पत्नी कालू गुर्जर और गीता पत्नी घनश्याम गुर्जर के रूप में हुई है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। इस घटना को लेकर सीएम मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि श्योपुर जिले के विजयपुर थाना क्षेत्र के खितरपाल गांव में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से महिलाओं के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। दुर्घटना में जो घायल हुए हैं, उनको उपचार प्रदान किया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायलों को 1-1 लाख रुपए और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 महिलाओं की मौत की खबर अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें। साथ ही घायलों के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सिराज/ईएमएस 17अप्रैल26