राजगढ़(ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी द्वारा माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं का कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मान किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह सफलता उनके परिश्रम, अनुशासन एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने उन विद्यार्थियों का भी उत्साहवर्धन किया, जो किसी कारणवश अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर सके या कम अंक प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि निराश होने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि अधिक मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ पुनः प्रयास करें। शासन द्वारा दिए जा रहे आगामी अवसर का लाभ उठाकर बेहतर प्रदर्शन कर अग्रणी स्थान प्राप्त किया जा सकता है। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत आधारशिला है और युवा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहें। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उनके परिजन एवं शिक्षक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री करण सिंह भिलाला सहित अन्य अधिकारीगण भी मौजूद रहे।-निखिल/राजगढ़/17/4/2026