गुना (ईएमएस) । शहर में शादी सीजन के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमराई नजर आ रही है। खासकर नीचला बाजार से लेकर अस्पताल चौराहा और जयस्तंभ चौराहे तक हालात बेहद खराब बने हुए हैं। इस पूरे मार्ग पर यातायात पुलिस की अनुपस्थिति के कारण दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दरअसल, नीचला बाजार से सुगन चौराहे तक का रास्ता पूर्व में वन-वे घोषित किया गया था, लेकिन अब यह व्यवस्था पूरी तरह निष्प्रभावी हो गई है। दोनों ओर से दोपहिया वाहनों के साथ-साथ ऑटो, छोटा हाथी और पिकअप जैसे बड़े वाहन भी बेधड़क आ-जा रहे हैं। वहीं दुकानों के सामने ही माल उतारने की वजह से सड़क और संकरी हो जाती है, जिससे जाम और भी गंभीर हो जाता है। सुबह और शाम के समय स्थिति और भी विकट हो जाती है, जब बाजार में खरीदारी और आवाजाही बढ़ जाती है। हनुमान गली, मंडी गली, अनुराधा गली, प्रकाश टॉकीज क्षेत्र, सौलत गली सहित बैजू चौराहा, शास्त्री पार्क, हाट रोड जैसे आसपास के इलाकों में भी इसका सीधा असर देखने को मिल रहा है। वाहन चालकों को लंबा इंतजार करना पड़ता है और कई बार छोटे-छोटे विवाद भी सामने आते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रैफिक पुलिस की नियमित तैनाती और सख्ती के अभाव में स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि वन-वे व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए और प्रमुख चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई जाए, ताकि जाम की समस्या से राहत मिल सके। -सीताराम नाटानी