क्षेत्रीय
17-Apr-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा नगर में अय्याशी-नशे की लत पूरी करने के लिए बी-फार्मेसी छात्र पर अपने घर में ही चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। उसने घर से सोने के जेवरात नेकलेस, मंगलसूत्र, कान के झुमके और अंगूठी पार कर दिए। उसे बेचकर अपने मादक पदार्थो का सेवन कर शौक पूरे करने लगा। शिकायत पश्चात पुलिस ने दो कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 60 हजार कैश और लगभग 8.2 ग्राम वजन का सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है। इस मामले में चोरी के जेवरात गलाकर बेचने वाले एक सुनार की तलाश की जा रही है। मामला सिविल लाइन रामपुर थाना इलाके का है। जानकारी के अनुसार 14 मार्च को एलआईजी-121 एम.पी. नगर कोरबा निवासी शिक्षिका सुनीता डोंगरे ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी अलमारी में रखे सोने के जेवरात 28 मार्च को गायब मिले। चोरी हुए सामान में नेकलेस, मंगलसूत्र, कान के झुमके और अंगूठी शामिल थे, जिनकी अनुमानित कीमत 1 लाख 50 हजार रुपए आंकी जा रही हैं। शिकायत के आधार पर सिविल लाइन रामपुर में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने चोरी के जेवरात अपने साथी की मदद से एक सुनार को बेचा था। सुनार ने जेवरात पिघलाकर उन्हें नकद राशि दी थी। पुलिस ने दोनों कथित आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपए नकद और एक सोने का मंगलसूत्र बरामद किया। उन्होंने बताया कि बाकी राशि खर्च कर दी है। उक्त व्यक्ति ने जो रायपुर में बी फार्मेसी का छात्र है, नशे की लत और अय्याशी पूरी करने के लिए अपने ही घर में चोरी की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि चोरी के जेवरात खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी मामले में आरोपी बनाया गया है और उसकी तलाश की जा रही है। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार कथित आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया गया है और आगे की जांच कार्यवाही जारी है। 17 अप्रैल / मित्तल