कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के तहत चलाए गए ऑपरेशन शांति में बड़ी सफलता हासिल की हैं। जानकारी के अनुसार दो दिन चले विशेष अभियान में पुलिस ने कुल 48 फरार वारंटियों को गिरफ्तार किया है। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षकों लखन पटले एवं नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले भर में सघन अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी थाना/चौकी प्रभारियों को विशेष निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर कथित आरोपियों को पकड़ा। दो दिन 15 और 16 अप्रैल को चले विशेष अभियान अंतर्गत 07 स्थायी वारंट, 41 गिरफ्तारी वारंट की तामिली की गयी। कुल 48 कथित आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। 17 अप्रैल / मित्तल