- 19 से 21 अप्रैल तक बेमौसम बारिश की चेतावनी अहमदाबाद (ईएमएस)| गुजरात में भीषण गर्मी के बीच अब मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य में बारिश को लेकर महत्वपूर्ण पूर्वानुमान जारी किया है। वर्तमान में राज्य के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय होने के कारण मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि अगले दो दिनों तक तापमान और मौसम की स्थिति लगभग सामान्य बनी रहेगी, लेकिन इसके बाद बारिश की शुरुआत होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 19 से 21 अप्रैल के बीच राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो सकती है। विशेष रूप से सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। 19 अप्रैल को सौराष्ट्र के कुछ क्षेत्रों के साथ-साथ अमरेली, महिसागर, दाहोद और छोटा उदयपुर जिलों में बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है। वहीं 20 अप्रैल को भी बारिश का असर जारी रह सकता है, जिसमें भावनगर और अमरेली के साथ दक्षिण गुजरात के तापी और डांग जिलों में मेघमहर देखने को मिल सकती है। 21 अप्रैल को भी मौसम सक्रिय रहेगा और भावनगर, अमरेली के अलावा भरूच और सूरत जिलों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। सतीश/17 अप्रैल